कोलकाता: मध्य कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में तीन मंजिली इमारत की बालकनी का खतरनाक हिस्सा ढहने से इलाके में अफरातफरी मच गयी। घटना रामतनु बोस लेन में सोमवार रात की है। खबर पाकर गिरीश पार्क थाने की पुलिस के अलावा कोलकाता नगर निगम की टीम वहां पहुंची। निगम की टीम ने मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया। निगम कर्मियों का कहना है कि इमारत की बालकनी का एक हिस्सा काफी जर्जर था। पिछले दो दिनों से शहर में रह-रहकर हो रही बारिश में खतरनाक हिस्सा ढह गया। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
वहीं दूसरी तरफ तालतला थाना अंतर्गत आगा मेहंदी स्ट्रीट स्थित एक इमारत का खतरनाक हिस्सा ढहने से दो महिलाएं जख्मी हो गयीं। घायलों के नाम शहजादी बेगम (50) और रेहाना खातून (23) बताो गये हैं। खबर पाकर पुलिस एवं कोलकाता नगर निगम की टीम मौके पहुंचे और मलबे में दबी दोनों महिलाओं को निकाल अस्पताल ले गयी। निगम कर्मियों का कहना है कि मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। इमारत के अन्य जर्जर हिस्से को भी तोड़ दिया जायेगा।